शिमला- : मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने रामपुर में आयोजित हिमाचल प्रदेश वन विभाग की 27वीं वार्षिक खेलकूद एवं कर्तव्य प्रतियोगिता के विजेताओं, प्रतिभागियों और आयोजकों को बधाई दी है। तीन दिवसीय यह प्रतियोगिता 11 से 13 सितम्बर तक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेशभर से एक हजार से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया।मुख्यमंत्री ने विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि खेल समर्पण, अनुशासन, कड़ी मेहनत और खेल भावना के साथ-साथ टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और दृढ़ संकल्प को भी मजबूत करते हैं।
सुखविन्द्र सिंह ने सभी प्रतिभागियों के उत्साह और सराहनीय प्रदर्शन की प्रशंसा की।उन्होंने कहा कि विभागीय खेल आयोजन कर्मचारियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आपसी भाईचारे और टीम भावना को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं। वन विभाग राज्य की समृद्ध वन संपदा और जैव विविधता के संरक्षण तथा पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों और युवाओं के बीच खेलों को बढ़ावा देने तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने से शारीरिक फिटनेस बढ़ती है, तनाव कम होता है और कार्यक्षमता में सुधार होता है।प्रतियोगिता में हमीरपुर वन सर्कल ने ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की, जबकि रामपुर वन सर्कल दूसरे स्थान पर रहा।
