चंबा/मंजूर पठान -:चंबा जिले में सड़क हादसों का सिलसिला लगातार चिंता का विषय बना हुआ है। पिछले एक महीने के दौरान जिले में आधा दर्जन से अधिक सड़क दुर्घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें एक दर्जन से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। ताजा मामला सोमवार देर रात का है, जब चंबा-साहू मार्ग पर आईटीआई के सामने एक दर्दनाक हादसा पेश आया।जानकारी के अनुसार रात करीब 11 बजे दो युवक बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर लगभग 500 फीट गहरी खाई में जा गिरी और दोनों युवक साल नदी में जा पहुंचे। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गए।
रेस्क्यू अभियान के दौरान 17 वर्षीय शुभम को गंभीर अवस्था में नदी किनारे से सुरक्षित निकाल लिया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। वहीं, 19 वर्षीय सक्षम का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। उसकी तलाश के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।बताया जा रहा है कि दोनों युवक सरू (चंबा) के निवासी हैं और कॉलेज के छात्र हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों मिंजर मेले का आनंद लेने के बाद देर रात अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।घटना के बाद राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), चंबा पुलिस, अग्निशमन विभाग तथा हिमाचल होमगार्ड की संयुक्त टीमें लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। नदी और आसपास के क्षेत्रों में लापता युवक की तलाश के लिए अभियान जारी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि रात के समय पहाड़ी मार्गों पर वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
