राहुल चावला, धर्मशाला: गुजरात के अहमदाबाद में हुई राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में पहला स्वर्ण पदक जीतने वाली हिमाचल की टीम आज सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पहुंची। सेंटर में प्रभारी नटराजन के नेतृत्व में केंद्र स्टाफ ने खिलाड़ियों का स्वागत किया। कबड्डी में हिमाचल का प्रतिनिधित्व करने वाली टीम की छह खिलाड़ी कप्तान कविता सहित पुष्पा, ज्योति, भावना, महिमा और डिंपल सेंटर आफ एक्सीलेंस धर्मशाला की हैं।
नटराजन ने सभी खिलाड़ियों और स्टाफ सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि केंद्र में लिए यह बड़ी उपलब्धि है। इससे पूर्व हिमाचल की टीम का राष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन रहा है और लगभग हर बार मेडल आते थे, लेकिन पहली बार हिमाचल टीम ने स्वर्ण पदक जीता है।
बता दें कि अहमदाबाद में गत शनिवार को प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला हिमाचल व महाराष्ट्र के बीच हुआ था। इसमें हिमाचल की टीम ने शुरू से दबदबा बना लिया था। टीम निर्धारित समय तक विपक्षी टीम पर हावी रही और मुकाबले को 27-22 से जीता था। इस मौके पर सेंटर आफ एक्सीलेंस स्टाफ के तुषार शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।
