बिलासपुर , सुभाष -: तिब्बत की आजादी, मानवाधिकारों के हनन और चीन द्वारा किए जा रहे दमन के खिलाफ तिब्बती युवा कांग्रेस की ‘ब्लैक हैट’ पदयात्रा मंगलवार को बिलासपुर पहुंची। कॉलेज चौक पहुंचने पर स्थानीय युवाओं और यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने यात्रा का भव्य स्वागत किया।
इसके बाद कॉलेज चौक से परिधि गृह तक पैदल यात्रा निकाली गई, जिसमें “भारत-तिब्बत एकता जिंदाबाद” के नारों से माहौल गूंज उठा।
इस दौरान बड़ी संख्या में तिब्बती कार्यकर्ता, युवा और समर्थक हाथों में बैनर लेकर शांतिपूर्ण ढंग से विरोध प्रदर्शन करते नजर आए।यह पदयात्रा 31 मार्च को मैक्लोडगंज से शुरू हुई थी, जो 25 अप्रैल को दिल्ली पहुंचकर संयुक्त राष्ट्र से जुड़े दूतावास को ज्ञापन सौंपने के साथ समाप्त होगी।आयोजकों के अनुसार, ‘ब्लैक हैट’ यानी काली टोपी इस यात्रा का प्रमुख प्रतीक है, जो चीन के अवैध कब्जे और तिब्बत में हो रहे कथित नरसंहार के विरोध को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि इस पदयात्रा का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तिब्बत के मुद्दे को उठाना और लोगों को जागरूक करना है।
