मंडी : धर्मवीर (TSN)-प्रदेश भाजपा कोर कमेटी सदस्य व सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल ने पूर्व सीएम जयराम ठाकुर विधायकों को साथ लेकर जाने व केंद्र से मदद लाने के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू के बयान पर पलटवार किया है। राकेश जम्वाल ने कहा कि विधायकों के साथ दिल्ली जाकर मदद लाने की परंपरा कांग्रेसी में रही होगी, भाजपा में ऐसी कोई परंपरा नहीं हैं।
CM तंबू लगाकर केंद्र से मिली मदद को ही बांट रहे प्रभावितों को
जम्वाल ने सीएम को घेरते हुए कहा कि एक ओर सीएम यह कहते नहीं थक रहे हैं कि केंद्र ने आपदा के समय प्रदेश सरकार की कोई मदद नहीं की। वहीं दूसरी ओर आज सुखविंदर सिंह सुक्खू तंबू लगाकर केंद्र से मिली मदद को ही प्रभावितों को बांट रहें है। केंद्र से यह मदद नेता प्रतिपक्ष व पूर्व सीएम जयराम ठाकुर के प्रयासों से ही प्रदेश सरकार को मिली है। उन्होंने कहा कि आपदा मेें हिमाचल प्रदेश की मदद करने के लिए जयराम ठाकुर अकेले दिल्ली गए हैं और केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की। राकेश जम्वाल ने कहा कि सीएम का नेता प्रतिपक्ष को विधायकों के साथ केंद्र से जाकर मदद लाने व केंद्र से डरने वाला बयान हास्यस्पद है। आज केंद्र सरकार ने प्रदेश को राहत के तौर पर 1200 करोड़ की राहत दी हैं,यह सब जयराम ठाकुर के प्रयासों से ही संभव हो पाया है। वहीं राकेश जम्वाल ने कहा कि जब से प्रदेश में कांग्रेस सरकार सत्ता में आई है, तब से पूर्व में रही भाजपा सरकार पर प्रदेश को कर्ज में डुबाने के आरोप लगा रही है। जबकि प्रदेश सरकार ने स्वयं एक साल के भीतर ही 10 हजार करोड़ का कर्ज ले लिया है। उन्होने कहा कि एक ओर प्रदेश सरकार आर्थिक तंगी का रोना रा रही है । वहीं दूसरी ओर आपदा प्रभावितों को राहत पहुंचाने के लिए आयोजित कार्यक्रमों में लाखों रुपये खर्च कर रही है। सीएम का केंद्र से मिली मदद को प्रभावितों को बांटते हुए राजनीति करना गलत बात है। आपदा में मदद मिलने के बाद भी मंचों से केंद्र सरकार को कोसना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। वहीं इस मौके पर उन्होने प्रदेश सरकार के द्वारा मंडी संसदीय क्षेत्र की अनदेखी के भी आरोप लगाए।
