Chintpurni, Vikas -:माता श्री चिंतपूर्णी के पावन दरबार में मंगलवार को श्रद्धा और आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। जालंधर के करतारपुर निवासी देवेंद्र पाल सिंह ने 25 साल पुरानी मन्नत पूरी होने पर दंडवत यात्रा कर माता के चरणों में हाजिरी भरी।
देवेंद्र पाल सिंह ने बताया कि 25 वर्ष पहले उन्होंने माता रानी से मनोकामना की थी कि उनकी तीन बेटियाँ हैं और उन्हें एक पुत्र की प्राप्ति हो। माता की असीम कृपा से उनकी यह मनोकामना न केवल पूरी हुई, बल्कि उन्हें दो पुत्रों का आशीर्वाद प्राप्त हुआ।
प्रतिज्ञा की याद और कृतज्ञता का भाव
देवेंद्र पाल सिंह ने बताया कि अब जब उनके बड़े बेटे का विवाह हो गया, तो उन्हें अपनी पुरानी प्रतिज्ञा याद आई। उन्होंने माता के दरबार में दंडवत होकर पहुंचकर मां के चरणों में आभार प्रकट किया और जीवन की समृद्धि के लिए आशीर्वाद लिया।
परिवार संग माथा टेक कर लिया आशीर्वाद
इस अवसर पर उनके परिवार के सदस्य और रिश्तेदार भी उपस्थित रहे। सभी ने माता रानी के दरबार में माथा टेका और कृतज्ञता व्यक्त की। देवेंद्र पाल सिंह ने कहा कि माता की कृपा से उनके घर में सुख, शांति और समृद्धि का वास है।
