मंडी : धर्मवीर – देव आस्था के प्रतीक श्री देव महूनाग मंदिर चुनाहन में चोरों ने सेंधमारी कर मंदिर की घंटियों को उड़ा लिया है। चोरी की यह घटना वीरवार देर रात की है।
मंदिर कमेटी ने अज्ञात लोगों के खिलाफ धनोटू पुलिस थाना में इस मामले को लेकर शिकायत दर्ज करवाई है। इस घटना से देव आस्था से जुड़े सैकड़ों लोगों में गहरा रोष है। शुक्रवार को सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम ने मंदिर परिसर का दौरा कर आगामी जांच शुरू कर दी है।मंदिर कमेटी के प्रधान रमेश यादव ने कहा कि श्री देव महूनाग का मंदिर बहुत ही प्राचीन मंदिर है। क्षेत्र के कई पंचायतों के लोगों की इस मंदिर के प्रति आस्था है। इस घटना से देव आस्था से जुड़े लोगों को गहरा सदमा पहुंचा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की अपील की है।
