बिलासपुर/सुभाष ठाकुर: शहर की सिनेमा कॉलोनी में रसोईघर में घरेलू गैस सिलेंडर चैक करते समय सिलेंडर फट गया। इस घटना में एक पुरूष व एक महिला घायल हुई है। घायल पुरूष को आईजीएमसी के लिए उपचार के लिए रैफर किया गया है। वहीं महिला को क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। वहीं, इस हादसे में मकान की खिड़कियां व दरवाजे भी टूट गए हैं। पुलिस भी मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार नगर परिषद के तहत सिनेमा कॉलोनी के हाउस नंबर 232 में महिला किराए के मकान में रहती है। यह मकान सिनेमा कॉलोनी निवासी प्यारेलाल का है। बताया जा रहा है कि किराएदार महिला सुचिता शर्मा पत्नी सुरेश कुमार शर्मा गांव टेपरा डाकघर नम्होल तहसील व जिला बिलासपुर के रसोई गैस सिलेंडर में लीकेज समस्या थी। जिसके चलते इस महिला ने गैस एंजेसी में अपनी शिकायत दी थी।
शिकायत मिलने के बाद गैस एजेंसी की ओर से प्यार सिंह पुत्र सुखराम गांव दाड़ी भाड़ी डाकघर मातला तहसील झंडूताा जिला बिलासपुर उम्र 33 वर्ष इस महिला के घर पर दोपहर के समय गैस सिलेंडर को चेक करने के लिए पहुंचा था। बताया जा रहा है कि इस व्यक्ति ने गैस सिलेंडर चेक करते व चूल्हा चैक करते समय जब लाइटर से गैस जलाई तो एकदम से ही सिलेंडर फट गया।
