मंडी : धर्मवीर – मंडी जिला के सबसे बड़े स्वास्थ्य संस्थान श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज व अस्पताल नेरचौक में शुक्रवार को पानी के लिए हाहाकार मची रही। मेडिकल कॉलेज में लोगों को ना पीने के लिए और ना ही बाथरूम जाने के लिए पानी मिल पाया। लोग दिन भर पानी के लिए इधर-उधर भटकते रहे और लोगों को बाहर से पानी खरीद कर काम चलाना पड़ा। इतना ही नहीं अस्पताल में मौजूद स्टाफ को भी पानी न होने से कहीं दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
नेरचौक मेडिकल कॉलेज में पेश आई इस विकराल समस्या का कारण अस्पताल में आने वाली पानी की सप्लाई की पाइप फटना बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि मेडिकल कॉलेज नेरचौक को आने वाली पानी की सप्लाई की पाइप सुबह 4 बजे फट गई। यह खबर जब मरीजों व तीमारदारों के पास पहुँची तो उन्हें शुक्रवार को होने वाले ऑपरेशन के पोस्टपोन होने का डर सताने लगा था। लेकिन अस्पताल में ऑपरेशन के लिए पानी की अलग व्यवस्था होने से चिकित्सा को कोई भी समस्या नहीं हुई। जल शक्ति विभाग के अधिकारियों ने दोपहर तक पानी की सप्लाई सुचारु करने का आश्वासन दिया था, लेकिन शाम 7 बजे भी सप्लाई शुरू नहीं हो पाई। जिस कारण मरीजों, तीमारदारों सहित स्टाफ को भी परेशानी झेलनी पड़ी।
वहीं जल शक्ति विभाग की माने तो अस्पताल में कुछ जगह पीवीसी पाइप की फिटिंग की गई थी। जिस कारण बार-बार यहां पर पाइप फटने से यह समस्या पेश आ रही है। सहायक अभियंता जल शक्ति विभाग नेरचौक राज कुमार शर्मा ने बताया कि विभाग द्वारा पीवीसी पाइप की जगह जीआई पाइप बिछाई जा रही है। आने वाले समय में पाइप फटने से पानी की सप्लाई बाधित नहीं होगी। उधर, श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज व अस्पताल के डिप्टी एमएस जोगिंदर ठाकुर से बात की गई तो उन्होंने बताया कि पानी की सप्लाई को सुचारु करने के लिए जल शक्ति विभाग के कर्मचारी लगातार डटे हुए हैं। देर रात तक पानी की सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।
