संजु चौधरी, शिमला: खेल गतिविधियों को ग्रामीण स्तर तक पहुंचाया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों को ओलंपियन यार्ड बनाया जाएगा और अलग अलग खेल गतिविधियों को करवाया जाएगा। इसके लिए बजट में भी प्रावधान किया जाएगा। यह बात हिमाचल प्रदेश के युवा खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कही। उन्होंने कहा कि इसके अलावा खेलों का राजनीतीकरण न हो इसे भी सुनिश्चित किया जाएगा। खेल संघों में खिलाड़ियों को प्रतिनिधित्व करने का मौका मिले इसको लेकर कानून में प्रावधान की जरूरत पड़ी तो मुख्यमंत्री के साथ चर्चा के बाद निर्णय लिया जाएगा।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि युवा आज नशे की तरफ जा रहें हैं और बेरोजगारी भी लगातर बढ़ रही हैं, जिसके कारण युवा आत्महत्या भी कर रहे हैं। ऐसे में प्रदेश सरकार युवाओं को खेल गतिविधियों की तरफ ले जाने के लिए प्रयास करेंगी। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि ग्रामीण स्तर पर अलग-अलग खेल प्रतिस्पर्धा किस तरह से आयोजित की जाए इसको लेकर आज अधिकारियों के साथ बैठक की गई है और एक पूरा रोडमैप तैयार किया गया है जिसे शीघ्र ही अमलीजामा पहनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक लाभ के मकसद से कुछ लोग खेल संघों में आते हैं लेकिन मंशा पूरी होने पर खेल को छोड़ देते हैं इसलिए खेलों में किसी भी तरह की राजनीति ना हो इसे प्रदेश सरकार सुनिश्चित करेगी और अगर जरूरत पड़ी तो आने वाले समय में इसको लेकर कानून में संशोधन के लिए भी मुख्यमंत्री की राय के बाद किया जाएगा। वहीं प्रदेश की खेल नीति का भी अध्ययन कर जरुरी दिशा निर्देश दिए जाएंगे।
