संजीव महाजन,नूरपूर: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सांसद राहुल गांधी की ओर से शुरू की गई भारत जोड़ो यात्रा 18 जनवरी को कांगड़ा ज़िला के इंदौरा में प्रवेश करेगी। प्रदेश कांग्रेस इस यात्रा की तैयारियों में जुटी हुई हैं। यात्रा को लेकर किस तरह के प्रबंध हैं इसे लेकर समीक्षा बैठकें भी की जा रही हैं। इसी कड़ी में
सोमवार को नूरपुर विश्राम गृह मे कृषि ओर पशु पालन मंत्री चन्द्र कुमार की अध्यक्षता में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस मौके पर शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक केवल सिंह पठानिया, उपायुक्त डॉ निपुण जिंदल सहित नूरपुर, इंदौरा तथा ज्वाली के एसडीएम, एएसपी नूरपुर तथा विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में कार्यक्रम के लिए सुरक्षा व्यवस्था के इंतजामों, यातायात प्रबंधन, पेयजल एवं बिजली आपूर्ति, खानपान, स्वास्थ्य और सफाई व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक प्रबंधों की समीक्षा की। उन्होंने यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था के साथ-साथ ट्रैफिक व्यवस्था को भी सुचारू रूप से बनाए रखने के लिए समुचित प्रबंध करने को कहा गया। उन्होंने इस दौरान लोक निर्माण विभाग, जलशक्ति विभाग ओर स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों से जुड़े तमाम प्रबंधों की भी समीक्षा की।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के हों पुख्ता इंतजाम
उन्होंने पुलिस विभाग को यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने को कहा। उन्होंने कहा कि यातायात की व्यवस्था इस तरह सुनिश्चित हो कि जिससे आम जनमानस को किसी प्रकार की असुविधा ना हो।
