बिलासपुर : सुभाष ठाकुर- घुमारवीं के साथ लगते गांव चैहड़ में चोरों ने शहर के एक व्यवसाई की घर के बाहर खड़ी कार का शीशा तोड़कर उसके अंदर रखे जूतों के सैंपलों के पांच बैग चुरा लिए, लेकिन अभी तक पुलिस चोरों तक नहीं पहुंच पाई है। जबकि इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ चुका है। लेकिन फिर भी अभी तक पुलिस के हाथ खाली हैं।
पुलिस की निष्क्रियता के चलते चोरों के हौसले बुलंद
नगर परिषद घुमारवीं और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की निष्क्रियता के चलते चोरों के हौसले बुलंद है। जिसके चलते आए दिन शहर से लेकर गांव तक चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही है। घटना को अंजाम देने के बाद चोर आसानी से निकल भागते हैं। शहर में इन दिनों गाड़ियों के टायर ,बैटरी और अन्य चोरी की वारदातों में इजाफा हुआ है ।हालांकि कुछ एक वारदातों में पुलिस ने चोरों को पकड़ने में सफलता हासिल की है , लेकिन ज्यादातर वारदातों में पुलिस के हाथ खाली ही रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस चोरी के मामले में बिल्कुल निष्क्रिय बनी हुई है। पुलिस की निष्क्रियता का ही चोर गिरोह फायदा उठा रहे हैं । क्षेत्र में प्रतिदिन हो रही चोरी की घटनाओं से पीड़ित लोग आए दिन थाने के चक्कर लगाते देखे जा सकते हैं लेकिन आखिर में चोरों के ना पकड़े जाने से उनके हाथ मायूसी ही लगती है। इसलिए ज्यादातर लोग इन घटनाओं के लिए पुलिस थाने में अपनी रिपोर्ट ही दर्ज नहीं कराना मुनासिब समझते हैं।
स्थानीय लोगों ने गश्त बढ़ाने की कि मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस गश्त के नाम पर खानापूर्ति कर रही है। लोगों का मानना है कि अगर रात को पुलिस की सक्रियता बढ़ती है तो आए दिन क्षेत्र में वारदातों को अंजाम दे रहे चोरों को भी आसानी से पकड़ा जा सकता है। स्थानीय लोगों की मांग है कि पुलिस ने रात को शहर के करीब हर क्षेत्र में अपनी गश्त बढ़ाए ताकि चोरी कि आए दिन हो रही इन वारदातों से लोगों को छुटकारा मिल सके।
