बिलासपुर : सुभाष ठाकुर – जिला बिलासपुर के क्रिकेट प्रेमी भी फैन पार्क में आईपीएल क्रिकेट मैच देखने का लुत्फ उठाएंगे । बिलासपुर जिला में पहली बार एचपीसीए व बीसीसीआई की ओर से यह व्यवस्था की गई है। यह बात बिलासपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में बीसीसीआई के सदस्य व जिला क्रिकेट संघ के सचिव विशाल जगोता ने कही।
विशाल जगोता ने कहा कि इस बार जिला बिलासपुर के क्रिकेट प्रेमी भी फैन पार्क में क्रिकेट आईपीएल मैच देखेंगे। उन्होंने कहा की नगर परिषद बिलासपुर के मैदान में यह फैन पार्क बनाया जाएगा। 22 और 23 अप्रैल को यह आईपीएल मैच क्रिकेट प्रेमी देख पाएंगे। बिलासपुर नगर परिषद मैदान में बड़ी-बड़ी एलईडी लगाई जाएंगी। इसी के साथ यहां पर पूरे तरीके से आईपीएल फैन पार्क बनाया जाएगा, जिसमें डीजे की धुन पर बिलासपुर के लोग चौके-छक्के की आवाज को सुनेंगे। उन्होंने कहा कि आईपीएल मैचों का लाइव प्रसारण को लेकर बीसीसीआई ने पूरे देश में 45 स्थानों पर फैन पार्क आयोजित करने का निर्णय लिया है, जिसमें जिला बिलासपुर का नाम भी शामिल हुआ है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है इस फैन पार्क का लुत्फ उठाए l।
