Summer express, बिलासपुर। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला बिलासपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना घुमारवीं पुलिस टीम ने नाकाबंदी के दौरान 4.100 किलोग्राम चरस बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना घुमारवीं की टीम बलोह फोरलेन से मल्यावर लिंक रोड के पास नियमित नाकाबंदी और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मंडी की ओर से आ रही एक कार को संदेह के आधार पर रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन से भारी मात्रा में 4.100 किलोग्राम चरस बरामद हुई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लेखराज निवासी सुराड़ी (कोटली, मंडी), राज कुमार निवासी बाली चौकी (मंडी) और रोहित कुमार निवासी देवधार (तल्याहड़, मंडी) के रूप में हुई है। तीनों की उम्र क्रमशः 34, 36 और 25 वर्ष बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया कि बरामदगी के बाद थाना घुमारवीं में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह चरस कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। उन्होंने कहा कि पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है और आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा और किसी भी सूरत में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
