ऊना | प्रदेश में बढ़ती गर्मी को देखते हुए ऊना जिला प्रशासन ने एक अहम फैसला लिया है। उपायुक्त जतिन लाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों का संचालन अब सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक किया जाएगा। यह नई समयसारणी तत्काल प्रभाव से लागू मानी जाएगी और आगामी आदेशों तक प्रभावी रहेगी।
बच्चों और स्टाफ की सुरक्षा को प्राथमिकता
उपायुक्त ने जानकारी देते हुए कहा कि यह निर्णय भीषण गर्मी और मौसमी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। इसका उद्देश्य है कि आंगनवाड़ी केंद्रों में आने वाले छोटे बच्चों और वहां कार्यरत स्टाफ को लू और अत्यधिक गर्मी से बचाया जा सके।
प्रशासन ने सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित समय पर सेवाओं का संचालन करें और बच्चों की स्वास्थ्य सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि केंद्रों में ठंडे पानी और उचित वेंटिलेशन की व्यवस्था हो।
