कुल्लू/मनमिंद्र अरोड़ा- साल का आख़िरी महीना आधा बीत चुका है | ऐसे में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न पर्यटन स्थलों में से एक कुल्लू -मनाली के तमाम इलाके एक बार फिर पर्यटकों से गुलज़ार होने लगे है। भारी संख्या में पर्यटक इन दिनों कुल्लू मनाली का रुख कर रहे है। माना जा रहा है कि कुल्लू मनाली में इस बार क्रिसमस और नए साल के जश्न के समय पर्यटकों की संख्या इस सीजन में रिकॉर्ड बना सकती है।
पर्यटन कारोबारियो की जगी उम्मीद
बीते दो वर्षों में कोरोना की मार झेल चुके कुल्लू मनाली के पर्यटन कारोबारियों को अब अच्छे कारोबार की उम्मीद है | बात अगर पर्यटन नगरी की करें तो यहां पर भी इन दिनों रौनक लौट आई है। पर्यटक मनाली के माल रोड सहित आसपास के पर्यटन स्थलों में चहलकदमी करते हुए दिखाई दे रहे हैं। पर्यटक यहां पर पहुंचकर इन दिनों यहां के मौसम का जमकर लुत्फ उठा रहे हैं। वहीं, मनाली में न्यू ईयर और क्रिसमस से पहले उमड़ रही पर्यटकों की भीड़ से पर्यटन कारोबारी खुश नज़र आ रहे हैं। उम्मीद जताई जा रही है की आने वाले समय में भी अगर मौसम ने साथ दिया और अच्छी बर्फबारी हुई तो पिछले रिकॉर्ड की बराबरी हिमाचल कर सकेगा।
बीते दिनों हुई बर्फबारी यहा के पर्यटन कारोबार के लिए संजीवनी बनकर आई थी। अब ऐसे में यदि क्रिसमस और न्यू ईयर पर मनाली सहित आसपास के क्षेत्रों में बर्फबारी होती है तो यह सोने पर सुहागा होगी, जिसका सीधा लाभ कुल्लू मनाली के पर्यटन कारोबार को मिलेगा। पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों की माने तो उनका कहना है कि मनाली में बीते कुछ दिनों से सैलानियों की संख्या में इजाफा हुआ है। ऐसे में उन्हें उम्मीद है कि आने वाले दिनों में उनका पर्यटन कारोबार और रफ्तार पकड़ेगा।
कोरोना के चलते बीते दो वर्षों में प्रभावित हुआ था कारोबार
मनाली के होटल मालिक का कहना है की कोरोना की वजह से कुल्लू मनाली में बीते दो वर्षों में कारोबार प्रभावित हुआ था | लेकिन अब उन्हें इस साल अच्छे कारोबार की उम्मीद है | न्यू ईयर और क्रिसमस को लेकर भी अभी से उनके पास होटलों की बुकिंग आनी शुरू हो गई है | अगर बर्फ़बारी होती है तो पर्यटकों की संख्या में और ज्यादा इजाफा होगा |
पर्यटकों बोले यहाँ आकर काफी अच्छा लगा
मनाली रहने आए पर्यटकों का कहना है की उन्हें कुल्लू मनाली आकर काफी अच्छा लग रहा है | उन्हें कुल्लू मनाली बाकी पर्यटन क्षेत्रों से अच्छा लगा | यहा आकर उन्होंने पैराग्लाइडिंग जैसी साहसिक गतिविधिया करके काफी मज़ा किया | यहाँ का मौसम काफी अच्छा है | बेशक उन्हें बर्फ़बारी नही देखने को मिली लेकिन उन्हें यहाँ आकर काफी अच्छा लगा |
