सचिन शर्मा, केलांग: लाहौल में आने वाले पर्यटकों को यहां आने पर साहसिक पर्यटन से जुड़ी गतिविधियों को करने का मौका मिले इसके लिए घाटी में साहसिक गतिविधियों को शुरू करने की दिशा में सरकार ने काम करना शुरू कर दिया हैं। अब जल्द ही टिलिंग गांव से जहां मानव परिंदे उड़ान भरते नजर आएंगे, वहीं घाटी के विभिन्न क्षेत्रों में पैराग्लाइडिंग की नई साइटों को विकसित किया जाएगा। यह बात गुरुवार को लाहौल दौरे के दौरान स्थानीय विधायक रवि ठाकुर ने कही।
उन्होंने कहा कि घाटी के युवाओं को रोजगार दिलवाना उनकी प्राथमिकता में शामिल हैं। ऐसे में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन के साथ मिलकर उन्होंने एक मास्टर प्लान तैयार किया हैं जिसके तहत लाहौल स्पीति में जहां नए आइस स्केटिंग रिंग, हेली स्कीइंग के अलावा आने वाले समय में सैलानियों को रूबी की सुविधा भी घाटी में उपलब्ध होगी। विधायक रवि ठाकुर ने कहा है कि यही नहीं इसके अलावा घाटी के युवाओं को साहसिक खेलों का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। अच्छी तरह ट्रेनिंग हासिल करने के बाद घाटी के युवा आने वाले समय में बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों को साहसिक खेलों को लेकर ट्रेंड करेंगे। इसे लेकर एक एडवेंचर स्पोर्ट्स का ट्रेनिंग बेस कैंप भी यहां तैयार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि घाटी के युवाओं को पर्यटन कारोबार से जोड़ने के लिए जहां सरकार के माध्यम से हर सुविधा युवाओं को उपलब्ध करवाई जाएगी, वहीं अच्छे रेस्तरां और होटल भी विभिन्न स्थानों पर खोले जाएंगे। विधायक रवि ठाकुर ने कहा है कि पड़ोसी जिला कुल्लू की अगर बात करें तो कुल्लू के विभिन्न क्षेत्रों में जहां इन दिनों पैराग्लाइडिंग के माध्यम से ज युवाओं को अच्छा रोजगार उपलब्ध करवाया गया है वहीं आने वाले समय में लाहौल के विभिन्न क्षेत्रों में पैराग्लाइडिंग साइट्स स्थापित की जाएंगी और यहां के युवाओं को भी इस रोजगार से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि टिलिंग में उन्होंने प्रशासन के साथ पैराग्लाइडिंग साइट का जायजा लिया है और जल्द ही इस क्षेत्र से मानव परिंदे उड़ान भरते नजर आएंगे।
लाहौल दौरे के दूसरे दिन जल शक्ति विभाग के एसई विनोद सहित लाहौल स्पीति प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी विधायक के साथ मौजूद रहे। इस दौरान विधायक रवि ठाकुर ने तिनन एडवेंचर स्पोर्ट्स क्लब के सदस्यों के साथ भी बैठक कर पर्यटन को लेकर रणनीति बनाई।
