संजीव महाजन,नूरपुर: ज्वाली विधानसभा में पुलिस थाना ज्वाली के अधीन मैरा में फ्लोरी मिक्सचर ट्रक व मोटर साइकिल की टक्कर होने से मोटर साइकिल चालक की मौक़े पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौक़े से फरार हो गया। मृतक की पहचान सुरिंदर कुमार (45) पुत्र रघुवीर सिंह निवासी भगवाल (भरमाड़) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी अनुसार मृतक सुरिंदर कुमार राजकीय प्राथमिक पाठशाला थप्पल में बतौर जेबीटी कार्यरत थे।
शनिवार को स्कूल से छुट्टी के बाद सुरिंदर कुमार अपने मोटरसाइकिल (एचपी 54सी-7918) से अपने घर को वापिस जा रहा था तो मैरा में फ्लोरी मिक्सचर ट्रक चालक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी ओर मौक़े से भाग गया। घायल को अमनदीप अस्पताल पठानकोट ले जाया गया, जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया और इस बाबत पुलिस को सूचित किया। एसपी नूरपुर अशोक रतन ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस संदर्भ में फ्लोरी मिक्सचर ट्रक के चालक के खिलाफ 279, 337, 304ए आईपीसी व मोटर व्हीकल एक्ट 187 के तहत मुकद्दमा दर्ज कर लिया है।
