शिमला (एकता): गणतंत्र दिवस पर इस बार भी हिमाचल की झांकी नहीं दिखेगी। बता दें कि इस बार प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव ने भी हिमाचल की झांकी की दिल्ली जाने की राह रोकी है। दरअसल केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को गणतंत्र दिवस के लिए अपनी झांकियां तैयार करने के लिए पत्र भेजा था। इसके बाद भी हिमाचल अपनी झांकी तैयार करने में विफल रहा है। इसके अलावा प्रदेश में चुनाव की सरगर्मी के कारण भी झांकी बनाने का मामला ठंडे बस्ते में चला गया। गणतंत्र दिवस पर लगातार तीसरी बार हिमाचल की झांकी के कर्तव्य पथ पर दर्शन नहीं होंगे।
जानिए कितनी बार दिखी हिमाचली संस्कृति की झलक
गणतंत्र दिवस पर राजपथ पर हिमाचल की संस्कृति की झलक अब तक पांच बार दिखी है। 2007 में लाहौल-स्पीति, 2012 में किन्नौर, 2017 में चंबा की संस्कृति की झलक दिखी थी। 2018 में लाहौल-स्पीति के की गोंपा की झांकी दिखाई गई थी। वर्ष 2020 में अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा की झांकी को भी केंद्रीय रक्षा मंत्रालय ने शामिल किया था।
