Una, Rakesh-:जिला ऊना मुख्यालय में विदेशी रोजगार को सुरक्षित, पारदर्शी और भरोसेमंद बनाने के उद्देश्य से आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने लगभग तीन दर्जन चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, प्रशासनिक अधिकारी और संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
इस अवसर पर विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि यह अभियान प्रदेश के युवाओं के लिए विदेशों में रोजगार के नए और सुरक्षित अवसर लेकर आया है। उन्होंने कहा कि अब तक युवाओं को विदेश जाने के लिए एजेंटों पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे कई बार फर्जीवाड़े के कारण आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता था। इसी समस्या को समाप्त करने के लिए राज्य सरकार ने विदेशी रोजगार की प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाया है।
विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पहल पर अब प्रदेश सरकार मान्यता प्राप्त कंपनियों के माध्यम से युवाओं को विदेशों में रोजगार उपलब्ध करा रही है। इससे न केवल युवाओं का शोषण रुकेगा, बल्कि उन्हें उनकी योग्यता के अनुरूप सम्मानजनक रोजगार भी मिलेगा।उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत चयन प्रक्रिया सरकार की निगरानी में पूरी की जा रही है। युवाओं को सीधे कंपनियों के साथ साक्षात्कार का अवसर दिया जा रहा है और चयन के बाद नियुक्ति पत्र प्रदान कर विदेश भेजा जा रहा है। इस व्यवस्था से एजेंटों और बिचौलियों की भूमिका पूरी तरह समाप्त हो जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं में उत्साह देखने को मिला। लाभार्थियों ने सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल से उनके भविष्य को नई दिशा मिली है। अधिकारियों ने बताया कि सरकार विभिन्न देशों की प्रतिष्ठित कंपनियों के साथ समझौते कर रही है तथा युवाओं को आवश्यक प्रशिक्षण और मार्गदर्शन भी प्रदान किया जा रहा है।विधायक विवेक शर्मा ने युवाओं से अपील की कि वे फर्जी एजेंटों से बचें और केवल सरकार द्वारा अधिकृत माध्यमों से ही विदेशी रोजगार के लिए आवेदन करें। उन्होंने कहा कि यह अभियान प्रदेश के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगा।
