Shimla, 15 October-:शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज चौपाल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सरैन में लगभग 6 करोड़ 7 लाख रुपये की लागत से निर्मित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरैन के नए भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार हर क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है और सरैन स्कूल भवन इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
लोकार्पण से पूर्व शिक्षा मंत्री ने चौपाल व सिरमौर के आराध्य देवता बिजट महाराज के मंदिर में शीश नवाया तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि सरैन देवता बिजट का पुण्य स्थल है और देवता बिजट एवं देवता शिरगुल को जुब्बल क्षेत्र में भी समान श्रद्धा के साथ पूजा जाता है, जिससे चौपाल और जुब्बल के बीच सांस्कृतिक एवं पारिवारिक संबंध और भी सुदृढ़ होते हैं।सरैन में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए रोहित ठाकुर ने कहा कि चौपाल क्षेत्र से उनका भावनात्मक जुड़ाव रहा है, क्योंकि ऐतिहासिक रूप से चौपाल जुब्बल रियासत का हिस्सा रहा है। दोनों क्षेत्रों के लोगों के बीच सांस्कृतिक, सामाजिक और पारिवारिक संबंध आज भी जीवंत हैं।
शिक्षा मंत्री ने घोषणा की कि चौपाल विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के सुदृढ़ीकरण हेतु 15 करोड़ रुपये प्रदान किए जाएंगे, जिनमें से इस वित्तीय वर्ष में 4 करोड़ रुपये जारी कर दिए जाएंगे। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नए विद्यालय भवन से सरैन सहित आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं प्राप्त होंगी।उन्होंने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार के तीन वर्षों के कार्यकाल में प्रदेश ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। हजारों शिक्षकों के पद भरे गए हैं और विद्यालयों में अधोसंरचना को सुदृढ़ किया जा रहा है। इसी क्रम में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरैन का नया भवन भी निर्मित किया गया है।
रोहित ठाकुर ने सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि पिछले तीन वर्ष जनहित, पारदर्शिता और प्रणालीगत सुधारों के रहे हैं। सरकार ने चुनाव के दौरान दी गई 10 गारंटियों में से 7 को पूरा कर समाज के विभिन्न वर्गों को राहत दी है। प्रदेश के 1.36 लाख कर्मचारियों के लिए ओपीएस लागू किया गया, जिससे सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित हुई।उन्होंने बताया कि इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये की सहायता दी जा रही है। अब तक 35,687 महिलाओं को इस योजना का लाभ मिला है, जबकि 2.37 लाख महिलाओं की पेंशन बढ़ाकर 1500 रुपये प्रतिमाह की गई है।रोजगार सृजन के क्षेत्र में सरकार ने अब तक 23,200 युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की हैं। आपदा प्रबंधन पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 की आपदा में हुए भारी नुकसान के बावजूद प्रदेश सरकार ने अपने संसाधनों से 4500 करोड़ रुपये का राहत पैकेज जारी किया और मुआवजा राशि में ऐतिहासिक वृद्धि की।उन्होंने कहा कि सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान दे रही है, जिसके परिणामस्वरूप राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल प्रदेश की रैंकिंग 21वें स्थान से 5वें स्थान पर पहुंची है। 100 सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू किया गया है और 20 विधानसभा क्षेत्रों में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूलों का निर्माण कार्य शुरू किया गया है।
इस अवसर पर कांग्रेस संगठन महासचिव रजनीश किमटा, विद्यालय प्रधानाचार्य प्रताप नेगी, पंचायत प्रधान नरेंद्र नेगी, एसडीएम चौपाल हेम चंद वर्मा, तहसीलदार चौपाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
