राहुल चावला,धर्मशाला: आजाद हिन्द फौज के शहीद कैप्टन दल बहादुर थापा की स्मृति में बुधवार को धर्मशाला के दाड़ी में 78वां शहीद दिवस मनाया। शहीद मेजर दुर्गामल और कैप्टन दल बहादुर थापा स्मृति मंच दाड़ी में एक समारोह में शहीद मेजर दुर्गामल और कैप्टन दल बहादुर थापा को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए ओर प्रार्थना सभा का आयोजन भी किया गया।
इस कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक कांगड़ा डॉ.शालिनी अग्निहोत्री ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की, जबकि एडीएम कांगड़ा रोहित राठौर कार्यक्रम अध्यक्ष के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में विशेष रूप से शहीद मेजर दुर्गामल और कैप्टन दल बहादुर थापा के परिजन सम्मिलित हुए, जिन्हें मंच की ओर से सम्मानित किया गय।
स्वतंत्रता संग्राम में आजाद हिंद फौज के प्रखर योद्धा रहे शहीद मेजर दुर्गामल को 25 अगस्त, 1944 और कैप्टन दल बहादुर को 3 मई, 1945 को अंग्रेज सरकार ने लाल किला दिल्ली में फांसी दी गई थी।
एसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि आज ही के दिन कैप्टन दल बहादुर को फांसी की सजा सुनाई गई थी। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिला के लिए यह गर्व का विषय है कि आजाद हिंद फौज में ब्रिटिश हुकूमत के विरुद्ध शहीद मेजर दुर्गामल और कैप्टन दल बहादुर थापा ने आजादी की लड़ाई लड़ी थी,जिसमें इन्होंने अहम भूमिका निभाते हुए अपने प्राणों की आहुति दी थी।
एसपी कांगड़ा ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि हमारी युवा पीढ़ी ऐसे वीरों से प्रेरणा पाकर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि यह शहीद परिवारों के लिए भी गर्व का विषय है कि शहीदों के बलिदान को भुलाया नहीं गया है और क्षेत्र के लोग आज भी उन्हें गर्व के साथ याद करते हैं।
