अनिल कुमार,किन्नौर: हिमाचल में सर्दियों ने दस्तक दे दी है। वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फ़बारी होने से ठंड और भी ज्यादा बढ़ चुकी है।सर्दियों के इस मौसम में अब पहाड़ी इलाकों में आगजनी की घटनाएं भी सामने आने लगी है। ऐसा ही एक मामला किन्नौर के पानवी गांव में हुआ है। जहां एक व्यक्ति के घर में आग लगने से उसका दो मंजिला मकान जलकर राख हो गया। आगजनी की यह घटना मंगलवार रात 12 बजकर 40 मिनट पर हुई है।
भावानगर क्षेत्र के गांव पानवी बुरचा में संतुक लाल नेगी गांव पानवी, तहसील निचार,जिला किनौर के मकान में यह आग लगी। आग लगने की सूचना मिलने के बाद ग्रामीणों ने इस बारे भावानगर थाना के साथ ही अग्निशमन विभाग को भी इस बारे सूचना दी। जब तक अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तब तक संतुक लाल का मकान पूरी तरह से आग की भेंट चढ़ चुका था।
अग्निशमन विभाग की टीम ने ग्रामीणों के साथ मिलकर इस आग से गांव के दूसरे घरों को बचाया। आग पर समय रहते काबू पा लिया गया नहीं तो अन्य घर भी इसकी चपेट में आ सकते थे। आग लगने के पीछे क्या वजह रही अभी तक यह पता नहीं चल पाया है। बताया जा रहा है कि संतुक लाल का यह पुराना घर था और इस आगजनी की घटना के दौरान संतुक लाल के परिवार का कोई भी सदस्य घर पर मौजूद नहीं था। ऐसे में गनीमत यह रही कि इस घटना के किसी भी तरह का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है।
वहीं आगजनी की इस घटना पर प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी सोशल मीडिया पर दुख जताते हुए स्थानीय प्रशासन को पीड़ित परिवार को हर संभव मदद देने की बात कही है। उन्होंने पानवी गांव में आगजनी से पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं भी जताई है। वहीं इस आगजनी से कितना नुकसान हुआ है उसका आंकलन अभी किया जा रहा है।
