अरविंदर सिंह,हमीरपुर(TSN): हमीरपुर जिला के सीएचसी और सिविल अस्पतालों में अब अल्ट्रासाउंड की सुविधा मरीजों को उपलब्ध होगी। सप्ताह में एक दिन सीएचसी ओर सभी सिविल अस्पतालों में अल्ट्रासाउंड की सुविधा प्रदान करने का प्लान तैयार किया गया हैं। इसके लिए दो रेडियोलॉजिस्ट को निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। जारी निर्देशों में कहा गया है कि सीएचसी ओर सिविल अस्पतालों में सप्ताह के एक दिन अल्ट्रासाउंड की सुविधा मिलनी चाहिए।
गर्भवती ओर वृद्धजनों के हित में जिला स्वास्थ्य विभाग की तरफ से यह फैसला लिया गया हैं। इसके लिए बाकायदा मासिक रोस्टर तैयार करने के लिए कहा गया हैं। इसमें तय होगा कि कौन से दिन रेडियोलॉजिस्ट किस सिविल अस्पताल या फिर सीएचसी में सेवाएं प्रदान करेगा।
बता दें कि वर्तमान में सीएचसी गलोड़ ओर नादौन अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट तैनात हैं। इनकी सेवाएं अब सभी सीएचसी ओर सिविल अस्पतालों में ली जाएंगी। ऐसे में गर्भवती महिलाओं या वृद्ध लोगों को अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर नहीं जाना पड़ेगा। जिला के सभी सिविल अस्पतालों ओर सीएचसी में अल्ट्रासाउंड की मशीनें उपलब्ध हैं, हालांकि विभाग के पास पर्याप्त रेडियोलॉजिस्ट नहीं हैं।
सीएमओ हमीरपुर डॉ. आर के अग्निहोत्री ने बताया कि जिला स्वास्थ्य विभाग ने गलोड़ ओर नादौन में तैनात रेडियोलॉजिस्ट को ही अन्य सिविल ओर सीएचसी अस्पतालों में सेवाएं प्रदान करने के आदेश जारी किए हैं। सप्ताह में एक दिन यह रेडियोलॉजिस्ट सभी सिविल अस्पतालों ओर सीएचसी में सेवाएं देंगे।
