राकेश,ऊना: ऊना के पंडोगा में पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम में हुई लूटपाट मामले में ऊना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। ऊना पुलिस ने पंजाब के मंडी गोविंदगढ़ से एटीएम लूट के 2 आरोपियों को पकड़ने में बड़ी सफलता प्राप्त की है। यह दोनों आरोपी लूट की इस वारदात में शामिल थे। पुलिस ने इनको पकड़ने के लिए पंजाब हरियाणा और अन्य जिलों में छापेमारी भी की थी, जिसके चलते पुलिस इनको पकड़कर ऊना लाई है। बुधवार को इन दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया।
कोर्ट ने आरोपियों को 7 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा हैं। एसपी ऊना अर्जित सेन ठाकुर ने ऊना में प्रेसवार्ता कर लूट की वारदात से पर्दा उठाया है। एसपी ऊना ने बताया कि 16 तारीख को पंडोगा के पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम में रात 12:30 बजे अज्ञात लोगों की ओर से एटीएम में लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। इसमें आरोपी मंकी कैप पहनकर गैस कटर की मदद से एटीएम को काटकर 10 लाख रुपए का कैश लूट कर ले गए थे।
इस वारदात में उन्होंने एक ट्रक का इस्तेमाल भी किया था जोकि कई बार ऊना में आलू ढुलाई के लिए आता रहता था। पुलिस ने पकड़े गए दोनों आरोपियों से एटीएम लूट की वारदात को अंजाम देने वाले गैस कटर, मंकी कैप ,स्प्रे कैन और एक ट्रक को रिकवर किया है। इन दोनों आरोपियों में से एक आरोपी अलवर जिले के कैथल के राजस्थान का रहने वाला है जबकि दूसरा आरोपी हरियाणा का रहने वाला है। पुलिस इस मामले में यह पता लगाने में जुट गई है की इस वारदात में इनके और साथी तो शामिल नहीं है।
पुलिस अभी यह पता लगाने में जुट गई है कि इन लोगों का कोई लोकल कनेक्शन तो नहीं था जिसकी मदद से इन्होंने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। वहीं पुलिस की माने तो एटीएम को लूटने से पहले उन्होंने अपने चहरे को मंकी कैप से ढक लिया था और सीटीवी कैमरा को स्प्रे से बंद कर दिया जिसके बाद इन्होंने फिर अपनी कार्रवाई शुरू की थी ओर एटीएम को लूटा था।
वहीं पुलिस की ओर से एटीएम सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए गए हैं। उन्होंने कहा की एटीएम के बाहर लगा सीसीटीवी कैमरा 3 महीने से बंद पड़ा हुआ था और एटीएम में जो लॉक है वह भी पूरे नहीं लगाए हुए थे। लूट की वारदात को 12:30 अंजाम दिया गया लेकिन उस समय एटीएम में किसी भी प्रकार का कोई अलार्म नहीं था। वारदात होने के काफी समय बाद करीब 2 बजे पुलिस को सूचना मिली जिसके बाद पुलिस ने अपनी कार्रवाई शुरू की।पुलिस की ओर से शहर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरा की छानबीन की गई जिससे इस मामले में दो आरोपियों को पकड़ने में अहम सफलता हासिल हुई है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुट गई है कि क्या इनका कोई क्रिमिनल बैकग्राउंड था? क्या इनके खिलाफ पहले भी कोई मामले दर्ज तो नहीं है। फिलहाल पुलिस की ओर से पकड़े गए दोनों आरोपियों के पास से अभी तक पैसा बरामद नहीं हुआ हैं। पुलिस अब इस मामले में लूटा हुआ पैसा और इस वारदात में अगर कोई और व्यक्ति भी शामिल है उसको भी पकड़ने का दावा कर रही है।
