मंडी:परी शर्मा – आज सुबह एक टैंकर अनियंत्रित होकर पंडोह डैम में जा गिरा। इस हादसे में अभी तक दो लोगों के शव बरामद हुए हैं जबकि पुलिस ने आशंका के आधार पर सर्च आप्रेशन को जारी रखा हुआ है।
हादसा सुबह करीब 6 बजे का बताया जा रहा है। पुलिस को इसकी सूचना करीब 7 बजे मिली। घटना की सूचना मिलते ही पंडोह पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और मंडी से एसडीआरएफ की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बताया जा रहा है कि यह टैंकर पंजाब का है और कुल्लू की तरफ तेल छोड़कर वापिस लौट रहा था। हादसे में मारे गए लोगों की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है।
एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अभी तक दो शवों को निकाला गया है। वहीं, एसडीएम सदर रितिका जिंदल ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया।
