अरविंदर सिंह,हमीरपुर:तिरंगा हमारे स्वतंत्रता आंदोलन का प्रतीक हैं। तिरंगा हमारे देश के वीर सैनिकों की कुर्बानियों का प्रतीक हैं। तिरंगा हमारी आन बान शान हैं। प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को अपने-अपने घर पर बड़े ही मान सम्मान और गर्व के साथ तिरंगा फहराना चाहिए। यह संदेश वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने देश के 77वें स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पहले हर घर तिरंगा अभियान के तहत अपने घर पर तिरंगा फहराने के बाद प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद हमारे देश और हमारे प्रदेश ने तरक्की और विकास के कई आयाम छुए हैं और आने वाले वर्षों में हमारा देश प्रदेश और तरक्की करे और विकास करे और भारतवर्ष विश्व गुरु बनकर पूरी दुनिया में अपने नाम का डंका बजाए यही उनकी कामना हैं ।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में इन दिनों हो रही लगातार बेहिसाब बरसात से जहां एक और जनजीवन अस्त-व्यस्त हुआ है तो वही भारी संख्या में इस बरसात ने प्रदेश के हर हिस्से में जान माल का नुकसान किया हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा की आपदा की इस घड़ी में हुए हुए नुकसान से वह बहुत व्यथित हैं, लेकिन मुश्किल समय में धैर्य और साहस से काम लेना चाहिए। इस मुश्किल घड़ी में सक्षम एवं समर्थ लोग आगे आएं और आपदा प्रभावित लोगों की यथासंभव सहायता एवं सहयोग करें। पूर्व सीएम ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा है कि भारी बरसात को देखते हुए अति आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें।
