राकेश, ऊना: कांग्रेस और लेफ्ट विचारधारा के लोगों की ओर से विदेशों में देश विरोधी ताकतों से मिलने और संपर्क रखने की बात रविवार को केंद्रीय कानून मंत्री किरण रिजिजू ने ऊना में आयोजित विजय संकल्प के दौरान कही। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की ओर से भी विदेशों में भारत के विरुद्ध जहर उगलने का आरोप लगाते हुए भारत विरोधी बातें किए जाने का दावा किया ।
केंद्रीय कानून मंत्री किरण रिजिजू ने रविवार को हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों में दो विजय संकल्प रैलियों में शिरकत की ओर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे । इस दौरान उन्होंने हरोली विधानसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को भी सुना । उन्होंने हरोली और ऊना सदर विधानसभा में दो जनसभाओं को भी संबोधित किया। केंद्रीय कानून मंत्री ने दोनों रैलियों में कांग्रेस और विपक्ष पर ताबड़तोड़ शाब्दिक प्रहार किए।
किरण रिजिजू ने पूर्व में कांग्रेस की सरकारों के समय विदेशों में भारत की प्रतिष्ठा के शून्य होने का दावा किया और नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ने की बात कही।
केंद्रीय कानून मंत्री किरण रिजिजू ने अपने गृह राज्य अरुणाचल प्रदेश में हिमाचल के ऊना जिले के अनेक लोगों के काम किए जाने का दावा करते हुए बचपन से ही हिमाचल को जानने समझने का दावा किया और ऊना के साथ विशेष लगाव होने की बात कही । केंद्रीय कानून मंत्री ने भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में वोट मांगते हुए केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की जयराम सरकार के संयुक्त प्रयासों से हिमाचल में विकास की नई पटकथा लिखे जाने का भी दावा किया । किरण रिजिजू ने एक सवाल के जवाब में देश में कांग्रेस का कुछ नहीं हो सकने का दावा किया।
