बिलासपुर/सुभाष ठाकुर: केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने आज हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर के भाखड़ा के समीप नेला में सड़क का शिलान्यास और कोर्ट में विद्युत मंडल का उद्घाटन किया। उनके साथ भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता आपदा प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष रणधीर शर्मा भी मौजूद थे। इस दौरान अनुराग ठाकुर ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर खूब तंज कसे। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी कि सरकार पंजाब में पूरी तरह से विफल हो चुकी है और पंजाब में भ्रष्टाचार गुंडागर्दी का बोलबाला है।
पंजाब में सरकार आने के बाद 60 से ज्यादा हत्याएं वहां पर हो चुकी है। जबकि दिल्ली की सरकार भी पूरी तरह से डगमगा चुकी है। उनके स्वास्थ्य मंत्री पिछले 6 महीने से जेल में है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी का पर्याय क्या होता है यह पंजाब की सरकार दिखाती है।
कांग्रेस को घेरते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने जिस प्रकार से यात्रा में अपनी माता के जूते के तसमे खुले तो उसे बांधने का जो कार्य किया उसे मीडिया ने भी बखूबी दिखाया और कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी यह दिखाया, 7 लेकिन देश की राष्ट्रपति जो कि एक आदिवासी है और एक पार्षद से राष्ट्रपति के पद तक पहुंची है, उनका जो अपमान एक सांसद ने कांग्रेसी नेता ने किया है, यह नहीं दिखाया। यह साफ तौर पर नजर आता है कि कांग्रेस के लिए महिला सम्मान सिर्फ सोनिया गांधी तक ही सीमित है।
