अरविंदर सिंह, हमीरपुर: प्रदेश में विधानसभा चुनाव के समय बहुत कम रह गया है ऐसे में सभी राजनीतिक दल चुनावी मैदान में उतर चुके हैं। सम्मेलन और सभाओं का दौर भी प्रदेश में खूब चल रहा है। इसी बीच आज जिला हमीरपुर कि सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में अनुसूचित जाति वर्ग के सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र राणा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस मौके पर राणा ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला और कांग्रेस पार्टी की ओर से अनुसूचित जाति वर्ग के लिए किए गए कार्यों का बखान भी किया। उन्होंने भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के प्रचार में कूदने पर भी जमकर चुटकी ली। इस अवसर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेंद्र दास अनुसूचित जाति वर्ग के कांग्रेस प्रदेश कोऑर्डिनेटर एडवोकेट केसी भाटिया सहित पार्टी के पदाधिकारी मौजूद रहे।
पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए विधायक राजेंद्र राणा ने भाजपा को घेरते हुए कहा कि पार्टी ने अगर प्रदेश में विकास करवाया होता तो उन्हें चुनावों के समय प्रधानमंत्री,राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित केंद्रीय मंत्रियों के प्रचार की आवश्यकता नहीं पड़ती। राणा ने चुटकी लेते हुए कहा कि लोगों को आशा थी कि प्रधानमंत्री प्रदेश में जन सभाओं के दौरान जनता को राहत देने की बात करेंगें, लेकिन प्रधानमंत्री केवल लोगों को सब्जबाग दिखाकर ही चले जा रहे हैं।
इस दौरान राजेंद्र राणा ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिन्ह लगाते हुए कहा कि 2017 में हिमाचल प्रदेश में चुनाव आचार संहिता अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में लग गई थी क्योंकि प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में नवंबर माह में बर्फबारी शुरू हो जाती है लेकिन वर्तमान समय में चुनाव आयोग अभी तक इस मुद्दे पर कुछ नहीं कर रहा है। राणा ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा चुनाव आयोग पर दबाव बनाकर चुनावों को आगे करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि इसी तरह से शिमला नगर निगम के चुनाव में भाजपा की ओर से नहीं करवाए जा रहे हैं।
विधायक राजेंद्र राणा ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा बताएं कि उन्होंने अपने चुनावी घोषणा पत्र के कितने वादे पूरे किए है। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी कम करने का वायदा करके सत्तासीन हुई भाजपा ने इसको बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की जनता भाजपा से तंग आ चुकी है और उपचुनाव की तरह ही विधानसभा चुनाव में इसका जवाब भाजपा को देगी।
