अरविंदर सिंह,हमीरपुर: हमीरपुर को प्रदेश के आम उत्पादक जिले के तौर पर जाना जाता हैं। यहां हर साल सैकड़ों मीट्रिक टन आम की पैदावार होती है लेकिन इस बार बेमौसमी बारिश और तूफान ने यहां अच्छी खासी फसल को बर्बाद कर दिया हैं। जो किसान अच्छी फसल होने की उम्मीद कर रहे थे उनके चेहरे बेमौसम बारिश ने मुरझा दिए हैं। बागवानी विभाग भी अब किसानों के इस नुकसान का आंकलन जुटाने में लग गया हैं।
जानकारी के मुताबिक अब तक हमीरपुर जिला में करीब 20 लाख रूपए की फसल का नुकसान हुआ हैं। करीब 80 मीट्रिक टन फसल बर्बाद हुई हैं,हालांकि नुकसान इससे भी ज्यादा होने की उम्मीद हैं। इसे लेकर जानकारियां जुटाने का काम फील्डस्तर पर सभी ब्लॉकों में किया जा रहा हैं। हमीरपुर जिला में आम के सीजन में करीब 1300 मीट्रिक टन पैदावार होती हैं, लेकिन इस बार आकड़ा कम रहने की उम्मीद हैं जिसमें आम की फसल पर फ्लावरिंग हो रही थी सब बारिश और तूफान ने फसल को खराब करना शुरू कर दिया हैं।बेमौसमी बारिश से सारी फसल काली पड़ गई हैं।
हमीरपुर जिला में करीब 3500 हेक्टेयर जमीन पर आम की पैदावार की जाती है जिसमें करीब 2000 छोटे-बड़े आम के बगीचे हैं। कम पैदावार होने से बाजार में भी इस बार कम आम पहुंच पाएगा। बागवानी विभाग के डिप्टी डायरेक्टर राजेश्वर परमार ने बताया कि इस बार बेमौसमी बारिश और तूफान की वजह से हमीरपुर जिला में करीब 80 मीट्रिक टन आम की फसल को नुकसान हुआ हैं। फील्ड स्तर पर भी नुकसान का डाटा इकट्ठा किया जा रहा हैं।
