Shimla, 21 August-कर्मचारियों के लंबित महंगाई भत्ते (DA) की देनदारी को लेकर गुरुवार को हिमाचल प्रदेश विधानसभा में जोरदार हंगामा हुआ। भाजपा विधायक सतपाल सत्ती के सवाल पर मुख्यमंत्री ने जवाब दिया, लेकिन विपक्ष इससे असंतुष्ट नज़र आया और सदन से वॉकआउट कर गया।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि सरकार लगातार घुमा-फिराकर जवाब दे रही है। उन्होंने कहा कि बजट के दौरान मुख्यमंत्री ने मई माह में DA की किस्त जारी करने की घोषणा की थी, लेकिन अगस्त समाप्त होने को है और अब तक सरकार वादा पूरा नहीं कर पाई है।जयराम ठाकुर ने इसे विशेषाधिकार हनन का मामला बताते हुए कहा कि सदन में की गई घोषणाओं को पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष पर भी सवाल उठाए कि इस मुद्दे पर केवल दो सप्लीमेंट्री प्रश्न ही स्वीकार किए गए, तीसरे की अनुमति नहीं दी गई।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री राजनीतिक जवाब देते हुए भाजपा सरकार पर 10 हजार करोड़ रुपये की देनदारी का ठीकरा फोड़ते हैं। “अगर ऐसा है तो क्या वीरभद्र सिंह सरकार की कोई देनदारी भाजपा सरकार पर नहीं आई थी?” उन्होंने सवाल उठाया।जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की वित्तीय स्थिति खराब है और सरकार अपनी नाकामी से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।
