Mandi, 20 August-चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर आज तड़के एक दर्दनाक हादसा सामने आया। जोगनी मोड़ के पास सेब से भरा एक मालवाहक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 100 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरा और सीधे व्यास नदी में समा गया। हादसा सुबह करीब 3 बजे हुआ।
घटनास्थल से मिले दस्तावेजों से ट्रक युसूफ खान के नाम पर सेब सीजन से जुड़े होने की पुष्टि हुई है। हालांकि वाहन में कितने लोग सवार थे, इस बारे में अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
हादसे की सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। कठिन रास्तों और नदी किनारे तक पहुंचने में भारी मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन रेस्क्यू टीम ने घटनास्थल तक पहुंचकर सर्च अभियान शुरू कर दिया है।पंडोह पुलिस चौकी के प्रभारी अनिल कटोच ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और एसडीआरएफ की टीम लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई है.
