संजु चौधरी, शिमला: मंडी की अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या में अल्लाह हू अकबर कव्वाली गाए जाने को लेकर हिमाचल में बवाल शुरू हो गया हैं। इस मुद्दे को लेकर अब प्रदेश की सियासत भी गरमा गई हैं। विपक्ष की ओर से इस मुद्दे को राजनीतिक रूप देते हुए कांग्रेस पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
विपक्षी भाजपा ने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा है कि शिवरात्रि महोत्सव पर इस तरह की कव्वाली का आयोजन होना हिमाचल प्रदेश की देव संस्कृति और हिंदुत्व का अपमान हैं। कांग्रेस सरकार को शिवरात्रि की सांस्कृतिक संध्या में इस तरह के कार्यक्रम का आयोजन करवाने से पहले सोच लेना चाहिए था।
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि वह कलाकारों का सम्मान करते हैं, लेकिन मंडी का शिवरात्रि महोत्सव देव परंपराओं के लिए समर्पित रहता हैं। वहां पर इस तरह की कव्वाली का आयोजन नहीं होना चाहिए था। सांस्कृतिक संध्या में अल्लाह हू अकबर की कव्वाली का आयोजन होना हिंदू और देव समाज को ठेस पहुंचाने वाला कार्य हैं।
भाजपा के आरोप बता रहे उनकी सोच: नरेश चौहान
वहीं दूसरी तरफ पूरे प्रकरण को लेकर कांग्रेस पार्टी के उपाध्यक्ष और मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की सोच बिल्कुल साफ है और कांग्रेस पार्टी धर्म निरपेक्ष समाज में विश्वास रखती हैं। यहां पर सभी धर्मों के लोगों का सम्मान किया जाता हैं। भाजपा के आरोपों में उनकी सोच दिखती है जो समाज के हित में नहीं हैं।
