मंजूर पठान,चंबा: चंबा में सरकारी राशन के ट्रक के गोलमाल मामले में विजिलेंस विभाग चंंबा की ओर से आगामी कार्रवाई अमल में लाई हैं। इस कार्रवाई के तहत खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने जांच के दायरे में आईं उन उचित मूल्य की दुकानों (डिपो धारकों) को सस्पेंड कर दिया हैं जहां के लिए यह राशन ले जाने के लिए ट्रक में भरा था। निलंबित उचित मूल्य की दुकानों से राशन लेने वालों को अब अन्य उचित मूल्य की दुकानों से राशन लेना पड़ेगा। इस बाबत विभाग की ओर से नोटिफिकेशन जारी की गई हैं।
जिला नियंत्रक खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले पुरुषोत्तम सिंह ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि 21 जनवरी को सतर्कता विभाग चंबा द्वारा हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के थोक गोदाम चंबा स्थित बालू में 200 बोरी चावल से लदे ट्रक को पकड़ा गया था ।
इस मामले की गहनता से जांच के लिए जब विभागीय निरीक्षक ने इन चावलों की डोर स्टेप डिलीवर ठेकेदार विकास कुमार की ओर से काटी गई जीआर के आधार पर चार उचित मूल्य की दुकानों का निरीक्षण किया गया तो निरीक्षण के दौरान इन उचित मूल्य की दुकानों में कई अनियमितताएं पाई गई। बहरहाल अनियमितताएं पाए जाने पर इस मामले पर कड़ा संज्ञान लेते हुए उचित मूल्य दुकान धारक डीसीएफ चौगान, सहकारी सभा पल्यूर , सहकारी सभा पल्यूर सब डिपो काली, उचित मूल्य की दुकान सपडी और हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के थोक गोदाम चंबा के पक्ष में जारी प्राधिकार को अगामी आदेशों तकनिलंबित कर दिया गया हैं।
निलंबन के चलते अब उचित मूल्य की दुकान डीसीएफ चौगान के राशन कार्ड धारकों को राशन विकास कैला उचित मूल्य की दुकान हरदासपुरा की ओर से मुहल्ला चौगान में मुहैया करवाया जाएगा। सहकारी सभा पल्यूर के राशन कार्ड धारकों को राशन सीएमपी बरौर की ओर से गांव पल्यूर जबकि सहकारी सभा पल्यूर सब डिपो काली के राशन कार्ड धारकों को राशन सहकारी सभा साहो की ओर से गांव काली में उपलब्ध करवाया जाएगा। तो वहीं उचित मूल्य की दुकान सपडी के राशन कार्ड धारकों को उचित मूल्य की दुकान सुराडा की ओर से राशन मुहल्ला सुराड़ा में ही उपलब्ध करवाया जाएगा।
