भावना शर्मा, शिमला: कांग्रेस पार्टी की ओर से सुखविंदर सिंह सुक्खू को हिमाचल का मुख्यमंत्री चुना गया हैं। काफी जद्दोजहद के बाद शनिवार शाम को सुक्खू के नाम पर मोहर कांग्रेस आलाकमान की तरफ से लगाई गई जिसके बाद मुख्यमंत्री पद पर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम की घोषणा की गई, हालांकि इसी बीच प्रतिभा सिंह के समर्थक विधानसभा के बाहर पहुंच गए और उन्होंने आलाकमान के फैसले का विरोध भी नारेबाजी कर जताया। विरोध के बावजूद भी सुखविंदर सिंह सुक्खू का नाम ही मुख्यमंत्री पद के लिए तय किया गया। वहीं सुक्खू को मुख्यमंत्री बनाए जाने पर विधायक विक्रमादित्य सिंह ने भी इसे आलाकमान का फैसला बताते हुए इसका स्वागत किया।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कांग्रेस पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी, राहुल गांधी ने जो फैसला लिया हैं, सुखविंदर सिंह सुक्खू को हिमाचल प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया है उसके लिए मैं उनका आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा की हम आने वाले समय में कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने के लिए पूरी मजबूती के साथ खड़े हैं। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मेरे पिताजी 6 बार प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे और हर परिस्थिति में उन्होंने पार्टी को मजबूत किया है। उन्होंने हमे भी है यही सीख दी हैं और हम कांग्रेस पार्टी को आने वाले समय में ओर मजबूत करना चाहेंगे, करते रहेंगे इस चीज का में पूरा विश्वास दिलवाता हूं।
किसी पद के पीछे भागने वाले नहीं हैं ना ही हैं पद की लालसा
पार्टी में विक्रमादित्य सिंह और उनके परिवार को कोई बड़ी जिम्मेवारी दिए जाने के सवाल पर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि अभी उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं हैं। उन्होंने कहा की हम किसी पद के पीछे भागने वाले नहीं हैं और ना ही उन्हें किसी पद की लालसा हैं। पार्टी ने उन्हें जो भी जिम्मेवारी दी है उसे उन्होंने बखूबी निभाने का प्रयास किया है आगे भी जो जिम्मेवारी पार्टी की ओर से दी जाएगी उसका सम्मान करते हुए उस जिम्मेवारी को पूरा करने के लिए वह कार्य करेंगे।
लोगों के लिए काम करने के लिए नहीं किसी पद की आवश्यकता
कांग्रेस पार्टी में वीरभद्र परिवार को कोई बड़ा पद दिए जाने के सवाल पर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वह हिमाचल की जनता के लिए काम करने में विश्वास रखते हैं और उसके लिए उन्हें किसी पद की आवश्यकता नहीं है।
सुखविंदर सिंह सुक्खू के सीएम बनने पर होली लॉज समर्थकों के विरोध जताने की बात से किया इंकार
विक्रमादित्य सिंह ने सुखविंदर सिंह सुक्खू को सीएम बनाए जाने पर होली लॉज समर्थकों की तरफ से विरोध जताने की बात से इंकार किया। उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है और कांग्रेस पार्टी में सब एकजुट हैं।
