मंडी : धर्मवीर – लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह द्वारा अपने सोशल मीडिया हैंडल पर सुंदरनगर से भाजपा विधायक राकेश जम्वाल के खिलाफ दिए बयान पर सियासी बवाल मच गया है। बयान पर पलटवार करते हुए सुंदरनगर विधायक राकेश जम्वाल ने यह कह दिया कि विक्रमादित्य सिंह को काबिलियत नहीं परिवार के कारण मंत्रीपद मिला है।
जम्वाल का कहना है कि विक्रमादित्य सिंह के पिता प्रदेश के 6 बार के सीएम थे और माता कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष हैं। वे राजपरिवार से संबंध रखते हैं और इन्हीं कारणों से उन्हें मंत्रीपद मिला है। राकेश जम्वाल ने कहा कि अभी विक्रमादित्य की इतनी उम्र नहीं हुई है या यादाश्त इतनी कमजोर नहीं है कि वे विधानसभा के अपने साथी का नाम भूल जाएं। विक्रमादित्य राज परिवार से संबंधित और रजवाड़ा शाही में पले बढ़े हैं। इसलिए उनका आम लोगों के बीच से आए विधायक का नाम भूलना स्वाभाविक है। जम्वाल ने कहा कि मंत्री पर आसीन व्यक्ति द्वारा इस प्रकार का बयान देना शोभा नहीं देता।
बता दें कि बीते दिनों मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने विधायक राकेश जम्वाल पर निशाना साधते हुए अपने अधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफार्म से एक बयान जारी किया था। जिसमें विक्रमादित्य सिंह विधायक राकेश जम्वाल पर टिप्पणी करते हुए उनका नाम भूलने की बात कहते हुए नजर आए थे। वहीं, अब विधायक राकेश जम्वाल ने विक्रमादित्य पर पलटवार करते हुए तीखा जुबानी ह+मला बोला है। ये तो तय है कि दोनों नेताओं के बीच अब वाकयुद्ध चल पड़ा है भविष्य में इसकी बड़ी हलचल देखने को मिल सकती है।
