संजु चौधरी, शिमला: सुक्खू सरकार के मंत्रिमंडल में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेटे शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह को भी जगह मिली हैं। बीते कल विक्रमादित्य सिंह ने राजभवन में मंत्री पद की शपथ ली और सोमवार को राज्य सचिवालय पहुंच उन्होंने अपना कार्यभार संभाला हैं। ढोल-नगाड़ों के साथ सोमवार को विक्रमादित्य सिंह सचिवालय पहुंचे और यहां पूजा-अर्चना करने के बाद वह अपनी कुर्सी पर बैठे।
सचिवालय में अपना कार्यभार संभालने के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि आज उनके लिए व्यक्तिगत रूप से भावनात्मक पल है क्योंकि इसी सचिवालय से उनके पिता ने 6 बार मुख्यमंत्री के तौर पर प्रदेश की जनता की सेवा की है। अब उन्हे भी मंत्री के तौर पर लोगों की सेवा का मौका है।
विक्रमादित्य सिंह ने नई जिम्मेवारी के लिए पार्टी हाईकमान और सुखविंदर सिंह सुक्खू का धन्यवाद करते हुए कहा कि सरकार में उन्हें जो भी भूमिका मिली है उसको बखूबी निभाने का प्रयास किया करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर जिले का समान विकास करेंगे और जनता की अपेक्षाओं पर खरे उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान और मुख्यमंत्री की ओर से उन्हें जो भी विभाग सौंपा जाएगा वह प्रदेश वासियों के लिए हर संभव बेहतरी के कार्य करेंगे ।
