कुल्लू, मनमिंदर-:जिला कुल्लू के मुख्यालय से सटे बबेली क्षेत्र में बाहरी युवकों द्वारा एक स्थानीय युवक के साथ मारपीट किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मारपीट की घटना के बाद अब पीड़ित युवक को गोली मारने की धमकियां मिलने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
इसी को लेकर बबेली के महिला मंडल, युवक मंडल और स्थानीय ग्रामीण ढालपुर पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदनलाल से मुलाकात कर मामले से अवगत कराया। ग्रामीणों ने शांति भंग करने वाले युवकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग उठाई।
नेहरू युवक मंडल बबेली के अध्यक्ष विक्रांत ने बताया कि बीते दिनों बाहरी क्षेत्र से आए कुछ युवकों ने स्थानीय युवक के साथ मारपीट कर उसे गंभीर चोटें पहुंचाईं। अब आरोपी युवक पीड़ित को गोली मारने की धमकी दे रहे हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने कहा कि बबेली में रिवर राफ्टिंग और पैराग्लाइडिंग जैसी पर्यटन गतिविधियों से स्थानीय युवा रोजगार कमा रहे हैं, लेकिन इस तरह की घटनाओं से क्षेत्र की शांति और पर्यटन दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
वहीं स्थानीय महिला सुनीता नेगी ने कहा कि जिस तरह से खुलेआम मारपीट की घटना हुई है, वह बेहद निंदनीय है। इस घटना से महिलाओं और बच्चों में डर का माहौल बन गया है। यदि ऐसी घटनाएं लगातार होती रहीं, तो महिलाओं का घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।महिला मंडल बबेली की अध्यक्ष चंपा ठाकुर ने बताया कि मारपीट की घटना के बाद से पूरे इलाके में भय का वातावरण है। आरोपियों द्वारा गोली मारने की धमकियां दी जा रही हैं। ऐसे में पुलिस को चाहिए कि आरोपियों को तलब कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करे, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
