Hamirpur, Arvind-:हमीरपुर जिला की ग्राम पंचायत दडूही में नशे के बढ़ते खतरे के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एंटी-चिट्टा ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पंचायत क्षेत्र के सभी वर्गों के लोगों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। ग्राम सभा में पंचायत प्रधान उषा बिरला, उपप्रधान तथा अन्य पंचायत सदस्यों की उपस्थिति रही।
सभा को संबोधित करते हुए पंचायत प्रधान उषा बिरला ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की गई एंटी-चिट्टा ग्राम सभा जैसी पहल समाज को नशे से मुक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि इस माध्यम से ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया जा रहा है।ग्राम सभा के दौरान उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से नशामुक्ति की शपथ ली। शपथ के अंतर्गत यह संकल्प लिया गया कि न तो स्वयं नशा किया जाएगा और न ही किसी अन्य व्यक्ति को इसकी अनुमति दी जाएगी। साथ ही यदि कोई व्यक्ति नशे की चपेट में पाया जाता है, तो पंचायत और ग्रामीण मिलकर उसे इस लत से बाहर निकालने का प्रयास करेंगे।उषा बिरला ने कहा कि इस प्रकार की ग्राम सभाओं से नशे पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। हर घर से कम से कम एक व्यक्ति की सहभागिता यह दर्शाती है कि ग्रामीण नशे के खिलाफ जागरूक हो रहे हैं। उन्होंने अंत में कहा कि पंचायत का उद्देश्य केवल दडूही को ही नहीं, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश को नशामुक्त बनाना है, जिसके लिए भविष्य में भी निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
