मंडी:परी शर्मा- जोगिंदरनगर विधायक प्रकाश राणा की गृह पंचायत के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोलवां में चिकित्सक की तैनाती न होने से ग्रामीण परेशान है। यहां पर फार्मासिस्ट के सहारे ही सामान्य बीमारियों का इलाज चल रहा है। दुर्घटना से गंभीर घायलों को जोगिंद्रनगर लडभड़ोल या बैजनाथ अस्पताल की दौड़ लगानी पड़ रही है।
फार्मासिस्ट के सहारे हो रहा सामान्य बीमारियों का इलाज
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोलवां में चिकित्सक की तैनाती न होने से ऊपरीधार, रोपड़ी,पंतेहड़ और गोलवां पंचायत के ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उपचार न मिलने से मरीज निराश हैं।घटना और दुर्घटना से गंभीर घायलों को जोगिंद्रनगर लडभड़ोल या बैजनाथ अस्पताल की दौड़ लगानी पड़ रही है।
दो कमरों में चल रहे इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को अधूरी स्वास्थ्य सुविधाओं और संसाधनों के सहारे छोड़ रखा है।वहीं ग्राम पंचायत गोलवां के प्रधान धनी राम शास्त्री ने वीरवार को कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र यहां खोल दिया गया है,पर यहाँ पर चिकित्सक की तैनाती नहीं हो पाई।उन्होंने कहा कि यहां पर फार्मासिस्ट के सहारे ही यह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चल रहा है।उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग करते हुए कहा कि यहां जल्द से जल्द चिकित्सक की तैनाती की जाए।
