भावना,शिमला: हिमाचल विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों की सोशल मीडिया पर लिस्ट जारी होने से हड़कम मच गया है। सोशल मीडिया पर लिस्ट जारी होने के बाद कार्यकर्ता और नेताओं की ओर से कांग्रेस के नेताओं को फोन किए जा रहे है, हालांकि कांग्रेस ने इस लिस्ट को फर्जी करार दिया है और अफवाहों पर ध्यान न देने का आग्रह किया है। इसके साथ ही कांग्रेस की ओर से इसकी शिकायत भी साइबर क्राइम में की जा रही है।
कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश चौहान ने बताया कि सोशल मीडिया में कांग्रेस प्रत्याशियों को लेकर जारी सूची पूरी तरह फर्जी व झूठी है। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने अभी तक प्रदेश विधानसभा चुनावों को लेकर पार्टी प्रत्याशियों की कोई भी सूची अभी तक जारी नहीं की है। किसी साजिश के तहत सोशल मीडिया में फर्जी लिस्ट जारी की गई है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने ऐसी कोई भी सूची अभी जारी नहीं की है और न ही किसी प्रत्याशी के बारे आधिकारिक तौर पर कोई घोषणा की है।
उन्होंने कहा कि अभी स्क्रिनिंग कमेटी की बैठक होनी है जिसके बाद ही लिस्ट जारी की जाएगी, इसलिए इस तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं व आम लोगों को ऐसी मिथ्या खबरों के प्रति सचेत करते हुए कहा है कि वह अफवाहों पर कोई ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि इसको लेकर साइबर क्राइम में शिकायत दी जाएगी और जिसने भी यह लिस्ट जारी की है उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी। बता दें कि 2 अक्टूबर को दिल्ली में कांग्रेस स्क्रिनिंग कमेटी की बैठक होने जा रही है जिसके बाद 7 अक्तूबर को दोबारा से सोनिया गांधी के साथ बैठक होगी । इस बैठक के बाद ही उम्मीदवारों की सूची जारी की जा सकती है।
