अरविंदर सिंह,हमीरपुर: प्रदेश की सड़कों पर बाहरी राज्यों की बसें बिना परमिट के नहीं दौड़ पाएंगी।अभी तक कई ऐसी वॉल्वो बसें हैं जो प्रदेश में बिना परमिट के ही दौड़ाई जा रही हैं, लेकिन उन पर किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। पर अब अगर कोई भी बाहरी राज्य की वॉल्वो बस प्रदेश में बिना परमिट के चलाई जाती है तो एचआरटीसी और आरटीओ की ओर से इस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इन अवैध ढंग से चलाई जा रही बसों को लेकर एचआरटीसी ने आरटीओ कार्यालयों को सूचित भी किया हैं।
अवैध रूप से बिना परमिट के हिमाचल की सड़कों पर बेधड़क दौड़ रही बाहरी राज्यों की वॉल्वो बसों पर शिकंजा कसने के निर्देश सरकार की ओर से जारी किए गए हैं। प्रदेश में कुछ समय से बाहरी राज्यों की वॉल्वो बसें बिना परमिट के ही सवारियों को यहां से बहाने जाने का काम कर रही है,लेकिन किसी भी तरह की कोई कार्रवाई इनके खिलाफ नहीं की गई थी जबकि इन बसों को तत्काल ही कानूनी रूप से बाउंड कर लिया जाना चाहिए था। यह कार्रवाई समय से ना हो पाने की वजह से एचआरटीसी को रोजाना रेवेन्यू के तौर पर मोटा नुकसान हो रहा हैं।
बात अगर हमीरपुर जिला कि की जाए तो तीन से चार ऐसी अवैध बिना परमिट की वॉल्वो बसें रोजाना कांगड़ा की तरफ जाती है, लेकिन अब तक इन पर कोई भी शिकंजा नहीं कस पाया हैं। हालांकि इन अवैध रूप से चल रही बसों के बारे में एचआरटीसी प्रबंधन को भी जानकारी हैं, लेकिन कानूनी रूप से कोई भी बड़ा प्रावधान नहीं होने की वजह से एचआरटीसी विभाग अभी इस पर कुछ नहीं कर पा रहा हैं। बसों को बाउंड करने की पॉवर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी के पास है लिहाजा अब उसी के साथ मिलकर इन बसों पर शिकंजा कसा जाएगा ।
एचआरटीसी हमीरपुर के डीडीएम विवेक लखनपाल ने बताया कि बिना परमिट के चल रही वॉल्वो बसों के बारे में उन्हें जानकारी मिली हैं। दो तीन ऐसी वॉल्वो बसें हमीरपुर से भी कांगड़ा की तरफ जा रही हैं। इससे निश्चित तौर पर एचआरटीसी को भी रेवेन्यू का नुकसान हो रहा हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को इस बारे में सारी जानकारी दे दी गई है जल्द ही इन पर कार्रवाई की जाएगी ।
बता दें कि प्रदेश में ज्यादातर अवैध ढंग से चल रही वॉल्वो बसें टूरिस्ट प्लेस पर ही चलाई जा रही हैं। जहां से बाहरी राज्यों के पर्यटकों को लाने ले जाने का काम किया जा रहा हैं,लेकिन अब प्रदेश सरकार ने बिना परमिट के पहुंच रही इन बसों पर शिकंजा कसने का मन बनाया है और आने वाले समय में इन पर कार्रवाई होने की भी उम्मीद जगी हैं।
