नाहन/देवेन्द्र कुमार: सिरमौर जिला में 80 वर्ष से अधिक आयु व 40% से अधिक दिव्यांगता वाले 1075 मतदाता घर बैठे पिछले 2 दिनों में बैलट पेपर के जरिए अपने मत का प्रयोग कर चुके हैं। चुनाव आयोग ने पहली मर्तबा घर बैठे मतदान करने की यह सुविधा शुरू की है। चुनाव आयोग के निर्देशों के मुताबिक चुनावी ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी घर जाकर पात्र मतदाताओं से वोट डलवा रहे हैं। चुनाव आयोग द्वारा पहले इन पात्र मतदाताओं से सहमति पत्र लिए गए थे।

जिला में कुल करीब 1867 ऐसे 80 वर्ष से अधिक आयु के बजुर्ग व दिव्यांग मतदाता है, जिन्होंने घर बैठे मतदान करने के लिए सहमति जताई थी। बैलेट पेपर से मत डालने की यह प्रक्रिया जिला में 4 नवंबर को शुरू हुई है जो 8 नवंबर तक चलेगी। बुजुर्ग मतदाताओं ने बताया कि उम्रदराज होने के कारण वह पोलिंग बूथ पर वोट डालने नहीं पहुंच पाते थे। ऐसे में चुनाव आयोग ने यह पहल शुरू कर अच्छा कदम उठाया है और वह घर बैठे अपने मत का प्रयोग कर सकते हैं।
