कुल्लू/मनमिन्द्र अरोड़ा: कुल्लू-मनाली सड़क मार्ग पर स्थापित टोल प्लाजा पर टोल को दोगुना किया जाने पर फोरलेन संघर्ष समिति ने अब जिला प्रशासन को चेतावनी दी है। जिला कुल्लू फोरलेन संघर्ष समिति ने जिला प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा और कहा कि सोमवार तक इस मसले का हल नहीं निकाला गया तो मंगलवार से उग्र प्रदर्शन भी शुरू किया जाएगा।
मनाली फोरलेन संघर्ष समिति के अध्यक्ष महेंद्र ठाकुर ने कहा कि डौहलूनाला टोल प्लाजा से गुजरने के लिए लोग पहले छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए 55 रुपए देते रहे और अब 2 दिसंबर से आवाजाही के लिए 115 रुपए देने पड़ रहे हैं। हालांकि डौलहूनाला टोल प्लाजा के लिए पहले से ही लोग यहां पर इसे स्थापित करने के हक में नहीें थे। क्योंकि कुल्लू गेमन पुल से लेकर मनाली तक की सडक़ फोरलेन के दायरे में नहीं है। इसके बावजूद लोग पिछले अढ़ाई वर्षों से टोल टैक्स देत आए हैं। वहीं पर अब एनएचएआई ने 2 दिसंबर से टैक्स को दोगुना से अधिक कर दिया है जिससे लोग परेशान हैं। हालांकि यहां पर स्थापित इस टोल प्लाजा को तत्कालीन सरकार ने आनन फानन में इसके निर्माण को मंजूरी दे दी।
मगर फोरलेन के कसौटी पर कुल्लू से मनाली तक की सड़क मात्र डबल लेन हैं। गौर रहे कि कुल्लू आने जाने के लिए छोटे वाहनों से जहां 35 और 20 रुपए लगते थे, अब यह राशि बढ़ाकर 75 और 40 पए कर दी है। टोल प्लाजा को क्रॉस करने के लिए जिस तरह से दरों में दोगुने से अधिक कर दिया है, इससे जनता में भारी रोष है।
प्रशासन को फोरलेन संघर्ष समिति ने दी चेतावनी
मनाली फोरलेन संघर्ष समिति के अध्यक्ष महेंद्र ठाकुर ने कहा कि यदि एनएचएआई इस तरह से मनमानी करती रही तो लोगों की जेबों को खाली हो जाएगी। उन्होंने कहा कि इस मनमानी का विरोध किया जाएगा। इसके लिए प्रशासन व एनएचएआई को इस निर्णय को वापस लेना होगा। उन्होंने कहा कि इस तरह मनमानी जनता को बर्दाश्त नहीं होगी जिसके लिए संघर्ष समिति शीघ्र ही कोई बड़ा कदम उठाकर एनएच पर धरना देने के लिए बाध्य होगी।
