राकेश,ऊना: जिला ऊना के अंदरोली में गोविंद सागर झील में वॉटर स्पोर्ट्स से जुड़ी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा हैं। यह प्रतियोगिता देश भर के पुलिस और अर्द्ध सैनिक बलों के जवानों के लिए आयोजित की जा रही हैं जिसमें वे अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। देशभर के पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के जवान 2 से 6 मार्च तक गोविंद सागर झील में अपनी प्रतिभाओं का प्रदर्शन करेंगे। अखिल भारतीय पुलिस जलक्रीड़ा प्रतियोगिता-2023 की मेजवानी इस बार हिमाचल प्रदेश को मिली हैं।
हिमाचल पुलिस के डीजीपी संजय कुंडू ने जानकारी देते हुए बताया कि ऊना जिला के अंदरौली में आयोजित होने वाली पुलिस की राष्ट्रीय जलक्रीड़ा प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के 19 टीमें व 500 के करीब जवान हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा की इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यातिथि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री करेंगे। तीसरे दिन इस कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग मंत्री व युवा खेल मंत्री विक्रमादित्य शामिल होंगे। इसका समापन भी विक्रमादित्य की ओर से ही किया जाएगा।
संजय कुंडू ने कहा की हिमाचली बेंड हारमोनी ऑफ पाइन भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे । उन्होंने कहा कि वॉटर स्पोर्ट्स प्रतियोगिता में इस बार हिमाचल की कोई टीम शामिल नहीं हो रही हैं, लेकिन उन्होंने उम्मीद जताई है कि वॉटर स्पोर्ट प्रतियोगिता के सफल आयोजन से आने वाले समय में इसमें हिमाचल की टीम जरूर अपनी मौजूदगी दर्ज करवाएगी।
उन्होंने कहा की हिमाचल वॉटर स्पोर्ट्स एक्टिविटी
का हब बने इसके लिए यह प्रयास किए जा रहे हैं। इस वॉटर स्पोर्ट्स प्रतियोगिता का सफल आयोजन होने के बाद हिमाचल वॉटर स्पोर्ट टूरिज्म में आगे बढ़ेगा और लोगों को रोजगार के नए साधन अर्जित होंगें। उन्होंने कहा कि अंदरोली वॉटर स्पोर्ट्स के लिए एक अच्छी जगह हैं और यहां पर वॉटर स्पोर्ट्स प्रतियोगिता का सफल आयोजन होने के बाद अंदरोली देश के मानचित्र पर उभरेगा और लोग यहां पर वॉटर स्पोर्ट्स एक्टिविटी को करने के लिए दूर-दूर से खींचे चले आएंगे।
