विकास शर्मा,चिंतपूर्णी: मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता का ख्याल रखने के साथ ही खानपान का ध्यान रखना भी बेहद जरूरी हैं। यही वजह हैं कि इसके लिए सरकार की ओर से वो दिन योजना की शुरुवात की गई हैं। इसी योजना के तहत गुरुवार को
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला के चिंतपूर्णी के साथ लगती गंगोट पंचायत में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के बैनर तले निदेशालय महिला एवं बाल विकास हिमाचल प्रदेश के सौजन्य से सशक्त महिला केंद्र गंगोट में 11 से 18 वर्ष की युवतियों और महिलाओं को प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ‘वो दिन’ योजना के बारे में जानकारी दी।
वो दिन योजना का उद्देश्य राज्य की महिलाओं एवं किशोरियों को मासिक धर्म के दौरान हिम्मत व सहारा प्रदान करना है। इस मौके पर समनोली वृत्त पर्यवेक्षक रक्षा देवी ने किशोरियों को समझाते हुए कहा कि मासिक धर्म एक ऐसा विषय है जिसके संबंध में आज भी हमारे समाज में खुलकर बात नहीं की जाती हैं। इससे महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म के दौरान कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता हैं। उन्होंने कहा कि मासिक धर्म प्रथाओं को अभी भी कई सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक प्रतिबन्धों का सामना करना पड़ता है जो मासिक धर्म स्वच्छता प्रबन्धन में बहुत बड़ी बाधा हैं।
उन्होंने कहा कि मासिक धर्म के दौरान महिलाएं एवं किशोरियां अपनी स्वच्छता का ध्यान रखें। इसके अलावा महिलाओं को एनीमिया, मासिक धर्म में स्वच्छता और खान पान के बारे में जानकारी दी गई। इस मौके पर ग्राम पंचायत गंगोट प्रधान ऐश्वर्या शर्मा, पर्यवेक्षक वृत्त समनोली रक्षा देवी, वार्ड पंच विजय कुमारी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता रीना और रीता देवी आदि उपस्थित रहे।
