राहुल चावला, धर्मशाला: कांग्रेस में 8 से 10 लोग इस बार भावी मुख्यमंत्री बनकर चुनाव लड़ रहे थे। खुद को सीएम बताने वाले सभी कांग्रेस नेताओं की हार होना तय है, जबकि 8-8 लोगों की कुंडलियां भेजी जा रही है। यह बात रविवार को हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव-2022 को लेकर धर्मशाला के शीला चौक में भारतीय जनता पार्टी की समीक्षा बैठक में भाग लेने पहुंचे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कही। इस बैठक में प्रदेश चुनाव प्रभारी सौदान सिंह, सह-चुनाव प्रभारी संजय टंडन, प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व देवेंद्र राणा संग सभी 68 सीटों में भाजपा प्रत्याशी विशेष रूप से मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि चुनावों व मतगणना को लेकर समीक्षा की जाएगी।
इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश में सरकार बनाएगी। इस दौरान उन्होंने नेता विपक्ष पर भी वार किया और कहा कि उन्हें इतने वर्ष बीत जाने के बाद भी बात करने की तहजीब नहीं आ पाई है। उन्हें अभी जनता के फैसले का इंतजार करना चाहिए, जोकि अब तीन दिनों में सामने आने वाला है। उन्होंने प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने का दावा किया है। इस दौरान भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि समीक्षा बैठक की जा रही है।
चुनाव प्रभारी, मुख्यमंत्री, सभी विधायक बैठक में भाग ले रहे हैं। जिस तरह से चुनाव लड़ा है, उसे लेकर मंथन बैठक में होगा। उन्होंने कहा कि भीतरघात को लेकर कोई अधिक नहीं, लेकिन किस तरह का चुनाव रहा, उस पर बैठक में मंथन किया गया है। चुनावों में फीडबैक प्रत्याशियों से ली जा रही है। उन्होंने भी कांग्रेस पर वार करते हुए कहा कि कांग्रेस की ओर से दर्जन भर लोग सीएम बनने की फिराक में है। बागियों के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी मजबूत रूप से चुनाव में उतरे थे, बागियों से कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है।
