अनिल कुमार,किन्नौर: वाइब्रेन्ट विलेज़ कार्यक्रम के तहत केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आर.के सिंह व प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ज़िला किन्नौर के छितकुल गांव के दौरे के लिए पहुंचे थे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री व मुख्यमंत्री ने छितकुल गांव के ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के साथ-साथ आईटीबीपी व सेना के जवानों के साथ मुलाक़ात कर उनका हाल चाल जाना। वहीं इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में छितकुल गांव के युवा व युवतियों का भी सांस्कृतिक कार्यक्रम रखा गया था लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों ने समय के आभाव को देखते हुए स्थानीय युवाओं व युवतियों को सांस्कृतिक कार्यक्रम मे भाग लेने के लिए कम समय दिया, लिहाजा स्थानीय लोगों का गुस्सा प्रशासन पर फूटा और प्रदेश के मुखिया के समक्ष प्रशासन के अधिकारियों की शिकायत उन्होंने कर दी।
छितकुल के कुछ युवक ओर युवतियां विशेष रूप से केंद्रीय मंत्री आर. के. सिंह व प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के समक्ष अपने सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति देने आए थे लेकिन मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों के कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रम के समय अवधि कम कर दिया। इस से खफ़ा युवतियों ने प्रशासनिक अधिकारियों की बेरुखी को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री से शिकायत की। युवतियां उनकी प्रस्तुति के लिए उचित समय ना देने की वजह से इतनी निराश थी कि मुख्यमंत्री के समक्ष उनकी आखों से आंसू छलक उठे। ऐसे में मौके पर मौजूद मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री ने युवाओं समेत युवतियों की हौंसला अफजाई की और अधिकारियों को मौके पर ही उनके व्यवहार पर जवाब मांगा।
इस बाबत युवाओं व युवतियों ने भी मुख्यमंत्री की बात मानी और अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की हैं, जिसपर मुख्यमंत्री ने उनकी बात को माना,हालांकि केंद्रीय मंत्री व मुख्यमंत्री के दौरे से कुछ घंटे पहले स्थानीय युवा व युवतियों को कार्यक्रम की मंच पर रिहर्सल करते भी देखा गया था, लेकिन बाद में कार्यक्रम में युवकों व युवतियों ने नाराजगी के चलते सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति नहीं दी। अब मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी शिकायत रखते हुए और रोती हुई युवतियों के वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा हैं जिसमें प्रशासनिकअधिकारियों पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
