संजु चौधरी, शिमला(TSN): हिमाचल प्रदेश से मानसून की रुख़्सती के साथ ही सर्दी ने दस्तक दे दी हैं। बीते 24 घंटे में हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में जहां हल्की बरसात हुई है तो वहीं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी ने भी दस्तक दे दी हैं। इसी के साथ ही प्रदेश में ठंड का भी आगाज हो चुका हैं। प्रदेश के तीन जिलों में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई हैं। इसके चलते अब राज्य के तापमान में भी गिरावट देखी जा रही हैं। मौसम विभाग की माने तो अगले कुछ दिनों में प्रदेश में फिर मौसम के खराब होने की संभावना हैं। इस दौरान प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में बारिश और बर्फबारी भी दर्ज की जा सकती हैं।
मौसम विभाग की निदेशक सुरेंद्र पॉल ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते बीते 24 घंटे में प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में बारिश दर्ज की गई हैं। वहीं जिला किन्नौर, लाहौल-स्पीति और शिमला के कुछ इलाकों में बर्फबारी भी दर्ज की गई हैं। जिला शिमला के चांसल में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले कुछ दिन प्रदेश में मौसम साफ बना रहेगा, लेकिन 14 से 17 अक्टूबर के बीच एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके चलते मौसम खराब होने की संभावना हैं। इस दौरान प्रदेश के निचले इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी देखने को मिल सकती हैं।
उन्होंने बताया कि मौजूदा समय में प्रदेश में तापमान में भी गिरावट देखने को मिल रही हैं। शिमला के तापमान में भी 6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई हैं। सुरेंद्र पॉल ने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश में तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस साल की सर्दियों के सामान्य रहने का अभी तक अनुमान जताया गया हैं हालांकि जमीन में नमी बने रहने के कारण पंजाब से सटे हिमाचल के निचले इलाकों में फ्रॉस्ट फॉग का प्रभाव देखने को मिल सकता हैं।
